न्यूजीलैंड ने इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में जीत दर्ज करते हुए इतिहास रचा. पहली बार कीवी टीम ने भारत में वनडे सीरीज जीती. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 337 रन बनाए थे, जवाब में भारतीय टीम 296 रनों पर सिमट गई. विराट कोहली ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन कई बड़े खिलाड़ी उनके साथ क्रीज पर टिक भी नहीं सके. जबकि नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा ने भी काफी हद तक लड़ाई लड़ी.
श्रेयस अय्यर
उपकप्तान श्रेयस अय्यर निर्णायक वनडे में सिर्फ 3 ही रन बना पाए, जबकि वो दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद मैदान पर आए थे. रोहित (11) के बाद शुभमन गिल (23) के रूप में भारत का दूसरा विकेट 45 रन पर गिर गया था. कोहली अच्छी लय में दिख रहे थे, बस अय्यर को थोड़ा संभलकर खेलना था. लेकिन वह क्रिस क्लार्क की गेंद पर कैच आउट हो गए. उनसे एक सूझबूझ भरी पारी की उम्मीद थी.
केएल राहुल
पिछले मैच में शतक लगाने वाले केएल राहुल सॉफ्ट डिसमिसल हुए. वह जेडन लेनोक्स की जिस गेंद पर आउट हुए, वो रूककर आई थी. राहुल इस पर पूरी तरह चकमा खाए, उन्होंने सिर्फ बल्ला आगे की तरफ फेंका, जो सीधा ग्लेन फिलिप्स के हाथों में गई. राहुल ने 6 गेंदें खेलकर 1 रन बनाया.
रवींद्र जडेजा
नितीश कुमार रेड्डी ने विराट कोहली के साथ साझेदारी करके मैच भारत के लिए बना दिया था. रेड्डी अर्धशतक (53) लगाकर आउट हो गए थे, तब रवींद्र जडेजा आए थे. उनसे उम्मीद थी कि वह अपने अनुभव को यहां दिखाएंगे, लेकिन वह एक गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर कैच आउट हो गए.


