Italy vs Nepal Scorecard: इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया है. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में इटली क्रिकेट टीम की सबसे पहली जीत है. इटली ने 46 गेंद शेष रहते लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रच डाला. जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का, दोनों ने अर्धशतक लगाते हुए इटली की जीत सुनिश्चित की.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. नेपाल की ओर से कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया, नतीजन नेपाल की टीम 123 रनों पर सिमट गई. जवाब में इटली ने 12.4 ओवरों में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया.
2 भाइयों ने मचाई तबाही
जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने इटली के लिए पारी की शुरुआत की. एंथनी ने 32 गेंद में 62 रनों की तूफानी पारी खेली, वहीं जस्टिन ने 44 गेंद में 60 रन बनाए. दोनों ने मिलकर ही 124 रनों का टारगेट 46 गेंद पहले ही हासिल कर दिया. दोनों ने मिलकर 9 छक्के और 8 चौके लगाए. नेपाल के लिए दीपेन्द्र सिंह एरी और कुशल भुर्तल के अलावा अन्य सभी गेंदबाजों की खूब धुनाई हुई.
इस जीत के साथ इटली की टीम ग्रुप C की पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड से ऊपर तीसरे स्थान पर चली गई है. अभी इटली के 2 कठिन मैच और बाकी हैं, जिनमें उसे इंग्लैंड और वेस्टइंडीज से भिड़ना है.
इससे पहले गेंदबाजी में बेन मानेंटी और कृशन कालुगामागे ने घातक बॉलिंग करते हुए नेपाल के बैटिंग लाइन-अप की धज्जियां उड़ा दी थीं. मानेंटी ने 4 ओवरों में सिर्फ 9 रन दिए और 2 विकेट लिए. वहीं कालुगामागे ने 4 ओवरों में 18 रन देकर 3 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें:


